सूरजपुर
सूरजपुर, 1 जुलाई। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर मंडल के 17 स्टेशनों पर संचालित रेलवे आरक्षण केंद्रों के संचालन समय में बदलाव किया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बिलासपुर के आदेशानुसार नई समय-सारिणी 1 जुलाई से लागू हो गई है।
नई व्यवस्था के अनुसार अंबिकापुर रेलवे स्टेशन का आरक्षण केंद्र अब सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगा। पहले यहां आरक्षण केंद्र सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता था।
वहीं बिश्रामपुर और बैकुंठपुर रेलवे स्टेशनों के आरक्षण केंद्र अब सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक संचालित होंगे। पहले बिश्रामपुर में आरक्षण केंद्र सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता था।
बिलासपुर रेल मंडल के जिन 17 स्टेशनों के आरक्षण केंद्रों की समय-सारिणी में बदलाव किया गया है, उनमें अंबिकापुर, अकलतरा, अनूपपुर, नैला, सक्ती, उमरिया, अमलाई, बिजुरी, बैकुंठपुर, बिरसिंहपुर, बिश्रामपुर, बुढार, चंदिया, करगी रोड, खरसिया, कोतमा और मनेंद्रगढ़ स्टेशन शामिल हैं। नई समय-सारिणी के अनुसार सभी केंद्रों पर आरक्षण कार्य किया जाएगा।