सूरजपुर
सूरजपुर, 30 जून। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर को प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों की दिशा में बड़ी सौगात देते हुए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। राज्य शहरी विकास अभिकरण छत्तीसगढ़ ने सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम निर्माण के लिए 95 लाख रुपये तथा कचरा निष्पादन के लिए एसएलआरएम (सॉलिड लिक्विड रिसोर्स मैनेजमेंट) सेंटर निर्माण हेतु 65 लाख 7 हजार रुपये की प्रावधिक स्वीकृति जारी की है।
मुक्तिधाम निर्माण की राशि राज्य परिवर्तित मुक्तिधाम योजना के अंतर्गत तथा एसएलआरएम सेंटर की राशि स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वीकृत की गई है। इस संबंध में इंद्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्य शहरी विकास अभिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा आदेश जारी किया गया है।
प्रदेश के 22 नगरीय निकायों में मुक्तिधाम निर्माण के लिए कुल 9 करोड़ 18 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें शिवनंदनपुर भी शामिल है।
वर्तमान में शिवनंदनपुर के मुक्तिधाम में पर्याप्त सुविधाओं का अभाव है। गंदगी और अव्यवस्था के बीच लोगों को अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करना पड़ता है। आवश्यक बुनियादी सुविधाएं नहीं होने से अंतिम संस्कार के दौरान परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नई स्वीकृति के बाद यहां आधुनिक एवं व्यवस्थित मुक्तिधाम बनने की उम्मीद है।वहीं, नगर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को मजबूत करने के लिए एसएलआरएम सेंटर की स्थापना से कचरा संग्रहण, पृथक्करण और निष्पादन की व्यवस्था बेहतर होगी, जिससे नगर की स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आने की संभावना है।
नगर पंचायत गठन के बाद शासन द्वारा लगातार विकास कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इससे पहले विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए लगभग 4.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से कई कार्यों का निर्माण शुरू हो चुका है।
नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल ने बताया कि मुक्तिधाम निर्माण के लिए गत 19 जून तथा एसएलआरएम सेंटर के लिए 24 जून को स्वीकृति आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे नगर के विकास को नई गति मिलेगी और बड़ी आबादी को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान में शिवनंदनपुर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोग अंतिम संस्कार के लिए ग्राम कुरुआ स्थित रिहंद नदी तट के मुक्तिधाम पर निर्भर हैं। शिवनंदनपुर में नए मुक्तिधाम के निर्माण के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं अपने नगर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।