सूरजपुर

संयुक्त जिला कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित, समस्याओं के निराकरण में मिलेगी मदद
29-Jun-2026 8:48 PM
संयुक्त जिला कार्यालय में हेल्प डेस्क स्थापित, समस्याओं के निराकरण में मिलेगी मदद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 जून। कलेक्टर रेना जमील के निर्देशानुसार शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में संयुक्त जिला कार्यालय सूरजपुर में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इस पहल का उद्देश्य जिला कार्यालय में विभिन्न कार्यों एवं सेवाओं के लिए आने वाले आम नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराना है।

हेल्प डेस्क के माध्यम से आगंतुकों को कार्यालयीन समय में संबंधित विभागों, कार्यालयीन प्रक्रियाओं तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और उनके कार्य सुगमता एवं समयबद्ध तरीके से संपादित हो सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि यह व्यवस्था नागरिकों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगी।

इसके अलावा कार्यालयीन कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कर्मचारियों के लिए भी पृथक हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। इस सुविधा के माध्यम से विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी आवश्यक प्रशासनिक मार्गदर्शन तथा समन्वय प्राप्त कर अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक दक्षता के साथ कर सकेंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार, इस नई व्यवस्था से कार्यालयीन कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ेगी, वहीं आम नागरिकों को भी एक ही स्थान पर आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

प्रशासन ने इसे जनहित और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।


अन्य पोस्ट