सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 29 जून। सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 29 जून से 6 जुलाई तक देशभर में सहकारी सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में उप आयुक्त सहकारिता एवं उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं, जिला सूरजपुर के निर्देशानुसार सोमवार को आदिम जाति सेवा सहकारी बैंक, बिश्रामपुर शाखा में सहकारिता ध्वज फहराकर सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पंचायत शिवनंदनपुर के अध्यक्ष रितेश जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता रामानंद जायसवाल उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद रितेश जायसवाल ने उपस्थित किसानों एवं बैंक उपभोक्ताओं को सहकारिता सप्ताह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्र सरकार के निर्देशानुसार देशभर में सहकारिता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर बैंक उपभोक्ताओं को एटीएम कार्ड भी वितरित किए तथा शाखा की गतिविधियों की जानकारी ली।
शाखा प्रबंधक एवं नोडल अधिकारी दिलीप दुबे ने बताया कि सहकारी सप्ताह के दौरान नवीन सदस्यता अभियान, समिति के बायलॉज का वाचन, जिला स्तरीय बैठक, एफपीओ एवं पैक्स की भूमिका पर परिचर्चा, कृषक संगोष्ठी, मृदा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, ड्रोन प्रदर्शन, माइक्रो एटीएम के माध्यम से वित्तीय लेनदेन, नए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) निर्माण, एटीएम कार्ड वितरण, स्वच्छता अभियान तथा पौधरोपण जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने उपस्थित किसानों एवं बैंक उपभोक्ताओं को सहकारिता सप्ताह के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर नगर पंचायत बिश्रामपुर के पार्षद रविशंकर बउआ, अमित मित्तल, पूर्व सरपंच भानु प्रताप सिंह सहित बैंक के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान और बैंक उपभोक्ता उपस्थित रहे।