सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 जून। अंबिकापुर-सूरजपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शनिवार शाम हुए सडक़ हादसे में एसईसीएल के एक कर्मी की मौत हो गई। हादसा शशिपुर स्थित डीजे ट्रांसपोर्ट एंड वेयरहाउसिंग गोदाम के समीप शाम करीब 7.30 बजे हुआ।
एसईसीएल बिश्रामपुर की केतकी खदान में फोरमैन पद पर कार्यरत सुशांत मंडल (59 वर्ष) अपनी बाइक से अंबिकापुर स्टेशन के पास निर्माणाधीन मकान देखने जा रहे थे। इसी दौरान केनापारा के आगे शशिपुर में सडक़ पर बिना लाइट, पार्किंग इंडिकेटर या किसी चेतावनी संकेत के खड़े ट्रक क्रमांक सीजी 22 एजे 4331 के पीछे उनकी बाइक जा भिड़ी।
पुलिस के मुताबिक, कोयला लेकर अंबिकापुर की ओर जा रहे ट्रक का ईंधन खत्म हो गया था। चालक ने एयर आने के बाद ट्रक को सडक़ पर ही असुरक्षित स्थिति में खड़ा कर दिया था और आवश्यक सुरक्षा संकेत नहीं लगाए थे। अंधेरा होने के कारण बाइक सवार को ट्रक दिखाई नहीं दिया और वह सीधे पीछे से टकरा गए। बताया गया कि सुशांत मंडल ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी भीषण थी कि सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आने से अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और जयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अस्पताल की मच्र्युरी में रखवाया गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मृतक सुशांत मंडल मूल रूप से सिलफिली के निवासी थे और वर्तमान में बिश्रामपुर के मंगतराम चौक स्थित वन-बी कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार, सहकर्मी और क्षेत्र में शोक की लहर है। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में स्थानीय मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।