सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 28 जून। गंभीर अपराधों की विवेचना को अधिक प्रभावी और कानूनी रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से शनिवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर ने किया। इसमें जिले के पुलिस अधिकारियों एवं 145 विवेचकों को गंभीर अपराधों, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), एनडीपीएस एक्ट तथा पॉक्सो एक्ट की विधिक एवं तकनीकी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मानवेन्द्र सिंह, डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर, डीडीपी वीरेन्द्र लकड़ा, डीपीओ मनोज चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं एफएसएल के संयुक्त संचालक आर.के. पैंकरा, कुलदीप कुजूर एवं डॉ. रसलीन कौर ने वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और घटनास्थल से मिले सूक्ष्म सुरागों के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर ने कहा कि विवेचना में प्रक्रियात्मक त्रुटियां न हों, इसके लिए इस प्रकार की कार्यशालाएं अत्यंत उपयोगी हैं।
उन्होंने एफआईआर दर्ज करने से लेकर चालान पेश करने तक की पूरी प्रक्रिया में बरती जाने वाली सावधानियों, डिजिटल साक्ष्यों के संरक्षण तथा सात वर्ष या उससे अधिक सजा वाले मामलों में फोरेंसिक जांच की अनिवार्यता पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश मानवेन्द्र सिंह ने विशेष रूप से एनडीपीएस एक्ट के मामलों में विवेचना के दौरान होने वाली सामान्य त्रुटियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि छोटी-सी चूक भी अभियुक्त को लाभ पहुंचा सकती है। उन्होंने विवेचकों को एनडीपीएस मामलों की चेकलिस्ट साथ रखने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने की सलाह दी।
एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने कहा कि कार्यशाला से प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने में किया जाए, ताकि पीडि़तों को समय पर न्याय मिले और दोषियों को सजा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने ई-साक्ष्य प्रणाली के प्रभावी उपयोग तथा तकनीक आधारित पारदर्शी विवेचना पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक जावेद मियादाद ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन, सीएसपी बेनार्ड कुजूर, डीएसपी महालक्ष्मी कुलदीप, एसडीओपी राजेश जोशी, अभिषेक पैंकरा, डीएसपी रीना नीलम कुजूर, अनूप एक्का सहित जिले के थाना-चौकी प्रभारी और कुल 145 विवेचक उपस्थित रहे।