सूरजपुर

स्कूल पर गिरी गाज, 4 छात्राएं घायल
26-Jun-2026 9:38 PM
स्कूल पर गिरी गाज, 4 छात्राएं घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 26 जून। सूरजपुर जिला के विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत माध्यमिक शाला माझापारा बैकोना में गुरुवार दोपहर करीब 2.30 बजे पढ़ाई के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार छात्राएं घायल हो गईं। हादसे के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों ने तत्काल सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और घायल छात्राओं को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

घटना में मनशीला पर (13), नेहा पर (14), रीना पैकरा (14) और राधिका (13) घायल हुईं। इनमें नेहा पर और राधिका के कपड़े भी झुलस गए।

सूचना मिलते ही डायल-112 की सहायता से सभी घायल छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर लाया गया। बीएमओ डॉ. अजीत दीवान के निर्देशन में डॉ. आफताब खान और डॉ. विकास गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी छात्राओं का तत्काल उपचार शुरू किया।

उपचार व्यवस्था में ब्लॉक टीकाकरण नोडल अधिकारी राजेश वर्मा, विनोद रवि, प्रतिमा, अपर्णा खम्हरिया, रविशंकर, अनुमाला और नंदकिशोर भी सक्रिय रहे। चिकित्सकों के अनुसार सभी छात्राओं की हालत सामान्य है और उन्हें शीघ्र अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।


अन्य पोस्ट