सूरजपुर
संभागीय जांच समिति ने किया निर्माण स्थल का निरीक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 26 जून। सूरजपुर जिला के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत सरनापारा में निर्माणाधीन एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) में कथित निर्माण अनियमितताओं की शिकायत के बाद गठित संभागीय जांच समिति ने बुधवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे इस आवासीय विद्यालय में निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी मानकों के पालन, रेत उपयोग तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर टीम ने विभिन्न बिंदुओं पर जांच की।
यह जांच सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रिका कुशवाहा और मनीष गुप्ता की शिकायत पर कराई गई। शिकायत में निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की अनदेखी तथा गुणवत्ता से समझौता किए जाने के आरोप लगाए गए थे।
संभाग आयुक्त कार्यालय के 13 जून 2026 के आदेश के अनुसार गठित जांच समिति में उपायुक्त (विकास) को अध्यक्ष, ग्रामीण यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को सदस्य तथा जिला खनिज अधिकारी को सदस्य-सचिव बनाया गया था। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ललिता भगत, मंडल संयोजक रंजय सिंह, शिकायतकर्ता एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान छात्रावास भवन के कुछ हिस्सों में बीम झुके हुए दिखाई देने तथा किचन भवन के कुछ हिस्सों में संरचनात्मक असंतुलन संबंधी बिंदुओं का परीक्षण किया गया। टीम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन भी किया।
शिकायत में किचन शेड की स्लैब ढलाई में तकनीकी मानकों के अनुरूप जाली नहीं बिछाने तथा बीम में निर्धारित संख्या से कम सरिया उपयोग करने का आरोप लगाया गया था। जांच दल ने इन बिंदुओं की मौके पर जांच करने के साथ संबंधित तकनीकी अभिलेखों का भी परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ईंट की जोड़ाई, कंक्रीट ढलाई और क्योरिंग (तराई) की गुणवत्ता का भी परीक्षण किया गया। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में पर्याप्त तकनीकी निगरानी नहीं रखी गई, जिससे भवन की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
जांच टीम ने गुणवत्ता नियंत्रण रजिस्टर, सामग्री उपयोग से संबंधित रिकॉर्ड तथा खनिज संबंधी दस्तावेजों की जांच की। बताया जाता है कि कुछ आवश्यक अभिलेख तत्काल उपलब्ध नहीं कराए जा सके, जिसे समिति ने अपने प्रतिवेदन में शामिल किया है।
बताया गया कि निरीक्षण के दौरान कई मजदूर बिना हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, ग्लव्स और सुरक्षा जूतों के कार्य करते मिले।
शिकायत में निर्माण कार्य में बड़ी मात्रा में रेत उपयोग किए जाने तथा उससे संबंधित वैध पिटपास एवं रॉयल्टी दस्तावेजों पर सवाल उठाए गए हैं। इसी कारण जांच समिति में जिला खनिज अधिकारी को भी शामिल किया गया।