सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 जून। शुक्रवार को कासापारा रेत घाट पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक छापेमारी की, जहां रेत से लदे 14 मिनी ट्रकों को पकड़ा गया।
संयुक्त टीम में तहसीलदार सूर्यकांत साय, जिला खनिज अधिकारी भूषण पटेल, आरटीओ उडऩदस्ता अंबिकापुर तथा पुलिस बल शामिल था। सुबह करीब 11 बजे टीम ने कासापारा नदी घाट पर दबिश दी। मौके पर नदी के भीतर कई मिनी ट्रक रेत लोड कर बाहर निकलने की तैयारी में मिले। टीम ने रास्ता अवरुद्ध कर सभी वाहनों को रोक लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस बल और अधिकारियों को देखकर वाहन चालक, परिचालक और मजदूर मौके से भाग निकले। कुछ चालकों ने अधिकारियों के सामने ही वाहन में भरी रेत नदी में खाली कर दी। संयुक्त टीम ने पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई तथा वाहनों के नंबर और चेसिस नंबर दर्ज कर सभी वाहनों को जयनगर थाना भेजने की कार्रवाई शुरू की।
जिला खनिज अधिकारी भूषण पटेल ने बताया कि हाल ही में शासन ने अवैध खनिज परिवहन पर अर्थदंड 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया है। इसके अलावा खनिज की मात्रा के अनुसार अलग से जुर्माना भी वसूला जाएगा।
जब्त किए गए वाहनों में अधिकांश वाहन सीजी-15 श्रृंखला के हैं, जबकि एक वाहन सीजी-29 श्रृंखला का है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ वाहन कोरिया जिले, कुछ अंबिकापुर-सिलफिली क्षेत्र तथा कुछ स्थानीय रेत कारोबारियों से जुड़े बताए जा रहे हैं।
बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे थे वाहन
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि सभी रेत लोड वाहनों के आगे-पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस और आरटीओ इसकी जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि पहचान छिपाने और कार्रवाई से बचने के लिए रेत माफिया जानबूझकर वाहनों पर नंबर प्लेट नहीं लगाते।
पूछताछ में वाहन चालकों ने बताया कि एक वाहन प्रतिदिन 5 से 6 चक्कर लगाता है। स्थानीय स्तर पर लगभग एक हजार रुपये की लागत से निकाली गई रेत अंबिकापुर पहुंचते-पहुंचते 5 से 6 हजार रुपये या उससे अधिक में बिकती है।
जिला खनिज अधिकारी भूषण पटेल ने कहा कि विभाग अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।