सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 जून। प्रदेश सरकार ने नगरीय निकायों में लंबे समय से प्रतीक्षित एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति सूची जारी कर दी है। गुरुवार को जारी सूची के अनुसार सूरजपुर जिले के विभिन्न नगर निकायों में कुल 17 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं।
सूची सामने आते ही जहां नव नियुक्त सदस्यों और उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है, वहीं कुछ स्थानों पर चयन को लेकर असंतोष भी देखने को मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर कुछ कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि चुनाव के दौरान पार्टी के विरोध में सक्रिय रहे कुछ लोगों को भी एल्डरमैन बनाया गया है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
नगर पालिका परिषद सूरजपुर में संजय केजरीवाल, संतोष सोनी, वर्षा साहू, बसंत कुशवाहा और शिवशंकर साहू को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। नगर पंचायत प्रतापपुर में बसराम सिंह, विजेंद्र कुमार और लक्ष्मी गुप्ता को मनोनीत किया गया है। नगर पंचायत बिश्रामपुर में सतीश तिवारी, नंदलाल राजवाड़े और अवनीश सिंह को एल्डरमैन बनाया गया है।
नगर पंचायत भटगांव में करन कुमार, महरजिया सिंह और लक्ष्मीनारायण अग्रवाल को नियुक्ति मिली है। नगर पंचायत जरही में अरुण कुमार सिंह, रंजन कुमार मंडल और दीपक रजक को एल्डरमैन बनाया गया है।
सूची जारी होने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। वहीं कई कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी भी जाहिर की है।