सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 जून। अधिक कीमत पर खाद बिक्री की शिकायत पर नेहरूनगर (डीगमा), अंबिकापुर स्थित एक उर्वरक विक्रय केंद्र से 3219 बोरी उर्वरक जब्त कर विक्रय केंद्र को सील कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन 1076 में एक कृषक द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि नेहरूनगर (डीगमा) स्थित मेसर्स सरगुजा कृषि राय केंद्र द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक (खाद) का विक्रय किया जा रहा है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कृषि विभाग द्वारा तत्काल जांच कराई गई।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता कृषक के बयान तथा उर्वरक क्रय के लिए किए गए ऑनलाइन भुगतान के डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अधिक दर पर उर्वरक बिक्री किए जाने की पुष्टि हुई। शिकायत सही पाए जाने पर 25 जून 2026 को कृषि विभाग की जिला स्तरीय टीम ने संबंधित विक्रय केंद्र पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान परिसर में उपलब्ध संपूर्ण उर्वरक को जब्त कर लिया गया तथा विक्रय केंद्र के परिसर को सील कर दिया गया। कृषि विभाग की इस कार्रवाई से उर्वरक विक्रेताओं में हडक़ंप मच गया है।