सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 जून। भारतीय जनता पार्टी जिला सूरजपुर द्वारा कांग्रेस शासनकाल में लगाए गए आपातकाल के 51 वर्ष पूर्ण होने पर जिला भाजपा कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने कहा कि 25 जून 1975 का दिन भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काले अध्याय के रूप में दर्ज है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए पूरे देश में आपातकाल लागू किया था।
उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की भावना और नागरिकों के मौलिक अधिकारों का व्यापक हनन हुआ। विपक्षी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और लोकतंत्र की आवाज उठाने वाले हजारों लोगों को जेलों में बंद कर दिया गया। प्रेस पर सेंसरशिप लगाकर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने का प्रयास किया गया तथा देश में भय और दमन का माहौल बनाया गया।
कमलभान सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उन संघर्षों और बलिदानों को सदैव स्मरण रखती है, जिनके कारण देश में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना संभव हो सकी।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को यह जानना चाहिए कि सत्ता के अहंकार में कांग्रेस ने किस प्रकार लोकतंत्र और संविधान की मूल भावना को आघात पहुंचाया था। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और राष्ट्रहित की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा देश को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। वहीं कांग्रेस अपने अतीत के कृत्यों पर आत्ममंथन करने के बजाय जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि आपातकाल की घटनाएं केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक स्थायी चेतावनी भी हैं।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए कमलभान सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे, ताकि आने वाली पीढिय़ां लोकतंत्र के महत्व को समझ सकें और किसी भी प्रकार की तानाशाही प्रवृत्ति के प्रति सजग रहें।
प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष संत सिंह, जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, नगर पालिका उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, जिला सह मीडिया प्रभारी प्रदीप द्विवेदी, नगर पंचायत उपाध्यक्ष दीपेंद्र चौहान, सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।