सूरजपुर
बंदियों से सीधी बातचीत कर सुनी समस्याएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 25 जून। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण विनीता वार्नर की अध्यक्षता में डिस्ट्रिक्ट जेल विजिटर्स बोर्ड ने सूरजपुर जिला जेल का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य जेल में बंद कैदियों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जा रही कानूनी सेवाओं की समीक्षा करना था।
निरीक्षण के दौरान बोर्ड के सदस्यों ने जेल परिसर के विभिन्न हिस्सों का बारीकी से अवलोकन किया। इसमें बंदियों के बैरक, रसोईघर, स्वास्थ्य केंद्र तथा अन्य सामान्य उपयोग के क्षेत्रों का निरीक्षण शामिल रहा। अधिकारियों ने कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और दैनिक दिनचर्या से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण दल ने जेल में स्वच्छता व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता एवं पोषण मानकों, दवाओं और चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता, शिक्षा कार्यक्रमों तथा खेल-कूद जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी मूल्यांकन किया। साथ ही जेल लीगल एड क्लीनिक की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया गया कि बंदियों को कानूनी सहायता समय पर उपलब्ध हो रही है।
निरीक्षण के बाद जिला न्यायालय में आयोजित अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती विनीता वार्नर ने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि बंदियों को स्वच्छ वातावरण, पौष्टिक भोजन और नियमित स्वास्थ्य जांच सहित सभी आवश्यक सुविधाएं बिना किसी व्यवधान के उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने जिला न्यायालय के लिए आबंटित भूमि, नवीन न्यायालय भवन के नक्शे तथा न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए निर्माणाधीन आवासीय भवनों की प्रगति की भी समीक्षा की और कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर रेना जमील ने सभी बैरकों में जाकर बंदियों से संवाद किया और शिक्षा पर विशेष जोर देते हुए यह जानकारी ली कि किसी बंदी की पढ़ाई जेल आने के कारण बाधित तो नहीं हुई है अथवा कोई आगे अध्ययन करना चाहता है। निरीक्षण के दौरान पेयजल आपूर्ति की समस्या सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही सिविल सर्जन डॉ. अजय मरकाम को जेल में सप्ताह में दो दिन मनोचिकित्सक की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) आनंद प्रकाश वारियर ने बंदियों को जमानत, अधिवक्ता परिवर्तन तथा अपने प्रकरण की जानकारी प्राप्त करने के अधिकारों के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने बंदियों से कहा कि किसी भी समस्या की स्थिति में वे बिना किसी भय के जेल अधीक्षक अथवा निरीक्षण के लिए आने वाले लीगल एड अधिवक्ताओं को अपनी बात बता सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियर, कलेक्टर रेना जमील, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री पायल टोपनो, जेल अधीक्षक, जेल चिकित्सक डॉ. एल.के. भोई, कार्यपालन अभियंता पीडब्ल्यूडी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
संयुक्त निरीक्षण बंदियों के कल्याण, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा न्याय तक उनकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में कारगार पहल बताई गई है।