सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 24 जून। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस की वर्ष 2026 की द्वितीय नॉन पेमेंट (पीएनएम) बैठक 23 जून को संपन्न हुई। बैठक वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमन मिश्रा के निर्देश पर मंडल कार्मिक अधिकारी यू.एस. राव की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
बैठक में सहायक कार्मिक अधिकारी भास्कर गुहा, सहायक मंडल वित्त प्रबंधक सुमित्रा पाल, कार्मिक विभाग से संबंधित बिल क्लर्क सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की व्यवस्था पीएनएम सेल के कार्यालय अधीक्षक रमना मूर्ति द्वारा की गई।
रेलवे मजदूर कांग्रेस की ओर से मंडल समन्वयक विजय अग्निहोत्री के नेतृत्व में जोनल कार्यकारी अध्यक्ष लक्ष्मण राव, अतिरिक्त संयुक्त महामंत्री शुभम उपाध्याय, डीओबी शाखा सचिव राना नंदी तथा सहायक सचिव (रनिंग) इरफान खान ने भाग लिया। संगठन के पदाधिकारियों ने पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार बिलासपुर मंडल के रेल कर्मचारियों की वेतन एवं भत्तों से संबंधित विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया।
बैठक में ब्रजराजनगर के जितेंद्र कुमार एवं बैकुंठपुर के अरविंद कुमार के गेट अलाउंस जारी करने का आदेश दिया गया। बिश्रामपुर के हियाहरन सिंह के ओवर पेमेंट मामले पर चर्चा हुई, जबकि रायगढ़ के जुगताराम यादव को रिस्क अलाउंस प्रदान किए जाने पर सहमति बनी।
इसके अलावा अनूपपुर के आयुष, रविकांत राय, रंजीत कुमार, अमित कुमार और राजेंद्र राठौर की समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। अकलतरा के ट्रैक मेंटेनरों को ओवरटाइम (ओटी) भुगतान तथा उमरिया के अतुल कुमार गुप्ता के अवकाश नगदीकरण प्रकरण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
रेलवे मजदूर कांग्रेस शाखा करंजी के सचिव पप्पू सिंह ने बताया कि बैठक में कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई।