सूरजपुर
सूरजपुर, 20 जून। गुरुकुल पैरामेडिकल संस्थान के संचालक और प्राचार्य पर विद्यार्थियों के साथ धोखाधड़ी और फर्जी संस्था संचालन के आरोपों का मामला अब गरमाता जा रहा है। मामले में पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने पर युवा कांग्रेस ने कड़ी नाराजगी जताई है।
प्रेमनगर विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष परमेश्वर राजवाड़े ने सूरजपुर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी है कि यदि 10 दिनों के भीतर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस छात्रों के समर्थन में उग्र आंदोलन करेगी।
परमेश्वर राजवाड़े ने बताया कि 11 जून को गुरुकुल पैरामेडिकल की छात्राओं ने संस्थान के संचालक और प्राचार्य के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक न तो कोई अपराध दर्ज किया गया है और न ही पीडि़त छात्राओं के बयान लिए गए हैं। उन्होंने इसे पुलिस की निष्क्रियता बताते हुए कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कार्रवाई नहीं होने से संस्थान संचालकों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार फोन के माध्यम से पीडि़त छात्राओं पर शिकायत वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। साथ ही, आरोपी बेखौफ होकर ग्रामीण और गरीब परिवारों के छात्रों को अपना निशाना बना रहे हैं।
10 दिनों का अल्टीमेटम
परमेश्वर राजवाड़े ने कहा कि गरीब और ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा कांग्रेस पीडि़त छात्राओं के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।