सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 19 जून। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजपुर नगर में पीएम स्वनिधि योजना अंतर्गत एक विशेष शिविर आयोजित किया गया, जिसमें रेहड़ी-पटरी, ठेला एवं अन्य छोटे व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में अधिकारियों द्वारा पात्र हितग्राहियों का पंजीयन किया गया तथा आवेदन प्राप्त कर आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण भी किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में छोटे व्यापारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे और योजना के प्रति उत्साह दिखाते हुए पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया में भाग लिया। शिविर में कुल 17 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिन्हें योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत उपलब्ध कार्यशील पूंजी ऋण, डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिए मिलने वाले प्रोत्साहन, समय पर ऋण भुगतान करने पर मिलने वाली प्रोत्साहन राशि तथा अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना विशेष रूप से रेहड़ी-पटरी एवं छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि योजना के माध्यम से छोटे व्यापारियों को स्वरोजगार के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
जिससे वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। साथ ही उन्होंने पात्र व्यापारियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को मजबूत करने और आर्थिक प्रगति की दिशा में आगे बढऩे की अपील की।
शिविर के सफल आयोजन से स्थानीय छोटे व्यापारियों में उत्साह देखा गया और उन्होंने योजना के प्रति सकारात्मक रुचि दिखाई। प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने की बात कही है।