सूरजपुर

कोरंधा पंचायत में आवास और मनरेगा में अनियमितताओं के आरोप
17-Jun-2026 10:35 PM
कोरंधा पंचायत में आवास और मनरेगा में अनियमितताओं के आरोप

कलेक्टर से जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 17 जून। सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरंधा में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन में गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने रोजगार सहायक पर आवास स्वीकृत कराने के नाम पर कथित रूप से 10 हजार रुपये लेने, मनरेगा में फर्जी हाजिरी दर्ज कर मजदूरी राशि का भुगतान करने तथा पात्र मजदूरों को रोजगार और मजदूरी से वंचित करने के आरोप लगाए हैं। मामले की शिकायत कलेक्टर सूरजपुर के जनदर्शन कार्यक्रम में कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई है।

इस मामले में जनपद पंचायत प्रतापपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) अनिल तिवारी ने कहा कि शिकायत कलेक्टर सूरजपुर के जनदर्शन में प्राप्त हुई है। मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतकर्ता गिरजाशंकर दुबे ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने और आवास स्वीकृत कराने के नाम पर उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। उन्होंने दावा किया है कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद उन्होंने यूपीआई के माध्यम से उक्त राशि का भुगतान किया। शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

लोचन यादव, दिलभरण बरगाह, मूलचंद सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मनरेगा के तहत कार्य किया, लेकिन उन्हें मजदूरी का भुगतान नहीं मिला। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि उनकी जगह फर्जी हाजिरी भरकर मजदूरी राशि अन्य लोगों के खातों में आहरित कर ली गई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान की मांग करने पर उन्हें कथित रूप से धमकाया जाता है और शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जाता।

ग्रामीणों शुभम गुप्ता और रोशन गुप्ता ने मनरेगा की वेबसाइट पर उपलब्ध अभिलेखों का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि कई ऐसे लोगों के नाम पर उपस्थिति दर्ज की गई है, जिन्होंने वास्तविक रूप से कार्य नहीं किया। शिकायत में रोजगार सहायक के परिजनों और करीबी लोगों के नाम पर भी बड़ी संख्या में प्रविष्टियां दर्ज होने की बात कही गई है। ग्रामीणों ने इन मामलों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के कुछ प्रकरणों में निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, लेकिन रिकॉर्ड में प्रगति दर्शाकर राशि आहरित किए जाने की आशंका है। इसके समर्थन में दस्तावेज और फोटोग्राफ भी शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि जो श्रमिक कथित अनियमितताओं का विरोध करते हैं या फर्जी हाजिरी जैसे मामलों में सहयोग नहीं करते, उनके रोजगार मांग संबंधी आवेदन आगे नहीं बढ़ाए जाते। इससे पात्र मजदूर रोजगार पाने से वंचित हो रहे हैं।

कलेक्टर से की गई ये प्रमुख मांगें

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मनरेगा कार्यों और मजदूरी भुगतान की उच्चस्तरीय जांच कराने, फर्जी हाजिरी और भुगतान से जुड़े अभिलेखों की जांच, प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित अवैध वसूली की पड़ताल, रोजगार से वंचित श्रमिकों के मामलों की समीक्षा तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जांच पूरी होने तक सभी अभिलेखों और ऑनलाइन रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने की मांग भी की गई है।

 


अन्य पोस्ट