सूरजपुर

नपं शिवनंदनपुर के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी, कलेक्टर ने किया निरीक्षण
16-Jun-2026 9:55 PM
नपं शिवनंदनपुर के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

आज सीएम की मौजूदगी में नवनिर्वाचित अध्यक्ष व पार्षद लेंगे शपथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 16 जून। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में प्रथम निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार, 17 जून को आयोजित किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने मंगलवार को कलेक्टर रेना जमील ने आयोजन स्थल एवं हेलीपैड का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, मंच, पेयजल, वीआईपी मूवमेंट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और गरिमापूर्ण हों तथा किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत शिवनंदनपुर के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित रितेश जायसवाल सहित सभी 15 वार्डों के नवनिर्वाचित पार्षद बुधवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे। नगर पंचायत के गठन के बाद यह पहला अवसर होगा, जब निर्वाचित परिषद शिवनंदनपुर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए अपने दायित्वों का औपचारिक रूप से निर्वहन शुरू करेगी।

कांग्रेसी पार्षदों ने अलग शपथ ग्रहण की उठाई मांग

इधर, प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह को लेकर कांग्रेस के पार्षदों ने मंगलवार को एसडीएम शिवानी जायसवाल को ज्ञापन सौंपकर नगर पंचायत कार्यालय में अपराह्न 3 बजे कांग्रेस समर्थित पार्षदों को अलग से पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाए जाने की मांग की है।

ज्ञापन सौंपने वालों में कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशि सिंह, रमेश दनोदिया, इस्माइल खान, संजय सोनी, विकास सिंह, पार्षद चंदन सिंह, अंशुल गोयल, हर्ष दनोदिया, वाहिद अहमद, विमला सिंह उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट