सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 15 जून। जिले में संचालित 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा से जुड़े कर्मचारियों ने वेतन एवं ग्रेज्युटी की राशि का भुगतान नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के नाम शिकायत पत्र सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्षों तक सेवा देने के बावजूद उन्हें नियमानुसार देय राशि नहीं मिली, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
कलेक्टर को दिए गए आवेदन में कर्मचारियों ने बताया कि वे 108 एंबुलेंस सेवा से लंबे समय तक जुड़े रहे और पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं। इसके बावजूद सेवा अवधि समाप्त होने के बाद भी जयअम्बे इमरजेंसी सर्विसेस कंपनी द्वारा उनकी ग्रेज्युटी तथा अन्य देय भुगतान नहीं किया गया है।
कर्मचारियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित कंपनी के अधिकारियों के समक्ष अपनी मांग रखी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने बताया कि कंपनी का टेंडर 31 मार्च 2026 को समाप्त हो चुका है, इसके बावजूद फरवरी और मार्च माह का वेतन तथा पूरी ग्रेज्युटी की राशि अब तक लंबित है।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि भुगतान नहीं मिलने से उनके परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वर्षों की सेवा के बाद भी वैधानिक अधिकारों से वंचित रखा जाना उनके साथ अन्याय है।
कर्मचारियों ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए लंबित वेतन और ग्रेज्युटी की राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित कराने तथा संबंधित कंपनी एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
शिकायत करने वालों में विजय गौतम, वीरेंद्र कृष्ण कुशवाहा, अब्दुल अहद खान, ममता तिर्की, बृहस्पति राम, बेला प्रसाद राजवाड़े और अजेश्वर प्रसाद सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सभी ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर उनकी समस्या का त्वरित समाधान कराने की मांग की है।


