सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर/सूरजपुर, 14 जून। ग्राम पंचायत मसगा, जनपद पंचायत प्रतापपुर के वर्तमान सरपंच रामविलास तिर्की के विरुद्ध जनदर्शन में दो अलग-अलग शिकायतें प्रस्तुत की गई हैं। ग्राम मसगा निवासी प्यारेलाल नागवंशी ने कलेक्टर सूरजपुर को आवेदन देकर पंचायत कार्यों में अनियमितता और शासकीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया है तथा उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पहली शिकायत में आरोप लगाया गया है कि महुवारीपारा में मेन रोड से नधिरा के घर तक बिना अनुमति एवं बिना आवश्यक राजस्व अभिलेखीय प्रक्रिया (खसरा, बी-1 आदि) के निजी स्वामित्व की भूमि पर मुरमीकरण कर सडक़ निर्माण कराया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त स्थान पर पहले कोई सडक़ नहीं थी और पंचायत द्वारा शासकीय राशि का उपयोग नियमों के विपरीत किया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं दूसरी शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत द्वारा डोढ़ी (कुआं) निर्माण के नाम पर 34 हजार रुपये की राशि निकाली गई, लेकिन निर्माण कार्य नहीं कराया गया। आवेदन में कहा गया है कि केवल गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया तथा निकाली गई राशि का समुचित उपयोग नहीं हुआ। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शासकीय धनराशि का दुरुपयोग किया गया है।
शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।