सूरजपुर

विश्व रक्तदाता दिवस पर कलेक्टर ने किया रक्तदान
14-Jun-2026 10:23 PM
विश्व रक्तदाता दिवस पर कलेक्टर ने किया रक्तदान

सूरजपुर, 14 जून। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला अस्पताल सूरजपुर में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी और कलेक्टर श्रीमती रेना जमील विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान कलेक्टर सहित बड़ी संख्या में लोगों ने स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

विधायक भूलन सिंह मरावी ने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार की हानि नहीं होती। स्वस्थ व्यक्ति का रक्त कई जरूरतमंदों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने की आवश्यकता बताई।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है। रक्त का कृत्रिम निर्माण संभव नहीं है, इसलिए समाज में इसके प्रति व्यापक जनजागरूकता की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि रक्तदाताओं को सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि अधिक लोग इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित हों।

रेड क्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में वर्तमान में लगभग 30 यूनिट रक्त उपलब्ध है, जबकि इसकी भंडारण क्षमता 500 यूनिट की है।

उन्होंने समाज से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।

कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले एवं रक्तदान जागरूकता में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा नियमित रक्तदान का संकल्प लेने का आह्वान किया गया।


अन्य पोस्ट