सूरजपुर
सूरजपुर,13 जून। जयनगर थाना क्षेत्र के शशिपुर-केनापारा स्थित मां बाला सुंदरी पंप के पास बीते दो दिनों में हुई घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंप संचालक एवं व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ललित गोयल ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, 11 जून की रात करीब 1 बजे लाल रंग की कार से पहुंचे तीन-चार युवकों ने पंप के बगल स्थित ढाबे पर पहुंचकर गाली-गलौज करते हुए दरवाजा खुलवाने का दबाव बनाया। ढाबे में उस समय दो-तीन महिलाएं मौजूद थीं। दरवाजा नहीं खोलने पर युवकों ने बाहर से कुंडा लगाकर वहां से चले गए। इस संबंध में 12 जून को जयनगर चौकी में लिखित शिकायत दी गई।
इसके बाद 13 जून की रात करीब 2 बजे तीन-चार युवक बाइक से पंप के पास पहुंचे और वहां खड़े एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि युवकों ने ट्रक चालक से 7 से 8 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, पर्स और ड्राइविंग लाइसेंस भी लूट लिया। पीडि़त ट्रक चालक ने घटना की लिखित शिकायत जयनगर पुलिस चौकी में दर्ज कराई है।


