सूरजपुर

बांस-बल्ली के सहारे दौड़ रही बिजली, महीनों से झूल रहे 11 केवी तार
13-Jun-2026 9:43 PM
बांस-बल्ली के सहारे दौड़ रही बिजली, महीनों से झूल रहे 11 केवी तार

बरसात में बढ़ा खतरा, ग्रामीणों ने जताई हादसे की आशंका

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,13 जून। ग्राम पंचायत राई जूनापारा के यादव मोहल्ले में विद्युत विभाग की लापरवाही ग्रामीणों की सुरक्षा पर भारी पड़ती नजर आ रही है। करीब छह महीने पहले ट्रांसफार्मर हटाए जाने के बाद से 11 केवी हाईटेंशन लाइन के तार नीचे झूल रहे हैं और बिजली आपूर्ति बांस-बल्ली के सहारे संचालित की जा रही है। बरसात का मौसम शुरू होते ही यह अस्थायी व्यवस्था ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गई है।

ग्रामीणों के अनुसार मोहल्ले से गुजर रही 11 केवी लाइन के तार कई स्थानों पर बेहद नीचे आ गए हैं और कुछ जगहों पर मकानों की छतों तथा दीवारों के समीप पहुंच चुके हैं। ऐसे में तेज हवा, बारिश या आंधी के दौरान किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय लापरवाही का खामियाजा क्षेत्रवासी पहले भी भुगत चुके हैं। तीन दिन पूर्व झूलते तार की चपेट में आने से एक युवक घायल हो गया था। घटना के बाद लोगों को उम्मीद थी कि विद्युत विभाग तत्काल समस्या का समाधान करेगा, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थानों पर हाईटेंशन तार जमीन से महज छह फीट की ऊंचाई तक झूल रहे हैं, जो सुरक्षा मानकों के विपरीत है। बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर रोजाना इन तारों के नीचे से गुजरने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि यदि बरसात के दौरान तार टूटकर गिर गया या किसी मकान के संपर्क में आ गया तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।

झूलते तारों का असर विकास कार्यों पर भी पड़ रहा है। मोहल्ले की एक महिला का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण स्थल के बेहद करीब से गुजर रहे बिजली के तारों के कारण मकान की ढलाई नहीं हो पा रही है।

परिजनों का कहना है कि दुर्घटना की आशंका के चलते मजदूर और निर्माणकर्ता कार्य करने से डर रहे हैं।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल स्थायी समाधान करते हुए झूलते तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर व्यवस्थित करने और संभावित दुर्घटनाओं को रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


अन्य पोस्ट