सूरजपुर
सूरजपुर, 12 जून। बहुचर्चित पीएसीएल चिटफंड घोटाले में सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने मामले में कंपनी के दो और डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि कंपनी ने निवेशकों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये जमा कराए, लेकिन मैच्योरिटी अवधि पूरी होने के बाद भी राशि वापस नहीं की।
एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर लंबित चिटफंड मामलों के निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना सूरजपुर में दर्ज अपराध के तहत कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान पता चला कि पीएसीएल कंपनी के दो आरोपी डायरेक्टर गुरजंट सिंह गिल उर्फ गुरजन सिंह (82 वर्ष) निवासी मोहाली, पंजाब तथा गुरूनाम सिंह (77 वर्ष) निवासी रूपनगर (रोपड़), पंजाब वर्तमान में जिला जेल कवर्धा में निरुद्ध हैं। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर दोनों आरोपियों को सूरजपुर लाकर पूछताछ की है।
पूछताछ में आरोपियों ने अन्य डायरेक्टरों के साथ मिलकर निवेशकों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर धन निवेश कराया।
पुलिस का कहना है कि कंपनी ने सूरजपुर जिले के निवेशकों से करोड़ों रुपये की राशि जुटाकर धोखाधड़ी की है।
अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस इससे पहले पीएसीएल कंपनी के छह अन्य डायरेक्टर निर्मल सिंह भंगू, त्रिलोचन सिंह, सुखदेव सिंह, जोगेन्दर टाइगर, गुरमीत सिंह और सुब्रत भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर चुकी है। दो नई गिरफ्तारियों के बाद इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस का कहना है कि चिटफंड मामलों में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और जांच की कार्रवाई लगातार जारी है।


