सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 11 जून। जयनगर थाना क्षेत्र के अजबनगर में अज्ञात चोरों ने एक मोबाइल दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना 10 जून की दरम्यानी रात की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एनएच-43 स्थित विक्रम मोबाइल दुकान के संचालक विक्रम दास पिता विष्णु दास ने जयनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोडक़र भीतर प्रवेश किया। चोर दुकान में रखा एक लैपटॉप, बिक्री के लिए रखे आधा दर्जन सेकेंड हैंड मोबाइल फोन तथा गल्ले में रखे 4 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट के आधार पर जयनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा क्षेत्र के संदिग्ध चोर-बदमाशों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


