सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 10 जून। सोने का हार साफ कर चमकाने के नाम पर ठगी करने वाली चार महिलाओं को बिश्रामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने एक महिला को झांसा देकर उसका असली सोने का हार बदलकर नकली हार थमा दिया था। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार 9 जून को थाना बिश्रामपुर में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 3 जून को दोपहर करीब 1.30 बजे उसके घर चार महिलाएं पहुंचीं। महिलाओं ने सोने-चांदी के जेवरों की सफाई करने की बात कही। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला का विश्वास जीत लिया और उसका सोने का हार साफ करने के बहाने अपने कब्जे में ले लिया।
आरोप है कि सफाई के दौरान महिलाओं ने चालाकी से असली सोने का हार बदलकर नकली हार दे दिया। बाद में जब महिला को संदेह हुआ तो उसने ज्वेलरी दुकान में हार की जांच कराई, जहां पता चला कि हार सोने का नहीं बल्कि पीतल धातु का है। इसके बाद पीडि़ता ने बिश्रामपुर थाना पहुंच मामले की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रशांत ठाकुर के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध महिलाओं की तलाश कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में परमिला गिरी (19 वर्ष), मीरा गिरी (20 वर्ष), बिंदिया बाई गिरी (45 वर्ष) तथा राजकुमारी गिरी (25 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी करंजिया थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकली सोने के हार बनाने की जड़ी, नकली हार, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, कटर ब्लेड, रेती तथा अन्य सामग्री बरामद की है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई गई है।
चारों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिश्रामपुर प्रकाश राठौर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टी आई प्रकाश राठौर ने लोगों से अपील की है कि जेवरों की सफाई या मरम्मत के नाम पर घर-घर आने वाले अपरिचित लोगों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।


