सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 9 जून। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भण्डारण के खिलाफ खनिज विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। खनिज अमला एवं जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन व भण्डारण पर 6 बाइक व टिप्पर गाडिय़ां जब्त की है।
खनिज विभाग की टीम ने 7 जून को तहसील सूरजपुर अंतर्गत ग्राम पचिरा से मानी चौक मार्ग पर वाहनों की जांच के दौरान ग्राम बेलटिकरी के पास अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए 6 मोटरसाइकिलों को पकड़ा। इन वाहनों से लगभग 5 टन कोयला जब्त किया गया। सभी जब्त बाइक और कोयले को पुलिस थाना सूरजपुर में सुरक्षार्थ रखा गया है।
इसके अलावा ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से रेत परिवहन करने वाले 3 टिप्पर मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। वहीं 8 जून को राजापुर रेत खदान क्षेत्र के औचक निरीक्षण के दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 2 और टिप्पर वाहनों को जब्त किया गया। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज करते हुए जब्त वाहनों एवं खनिज को पुलिस थाना जयनगर में सुरक्षार्थ रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन और भण्डारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।


