सूरजपुर

ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद जागी पुलिस, पंप चोर गिरोह, खरीदारों समेत 7 बंदी
08-Jun-2026 10:28 PM
ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद जागी पुलिस, पंप चोर गिरोह, खरीदारों समेत 7 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 8 जून। सूरजपुर जिले के जयनगर थाना अंतर्गत लटोरी चौकी पुलिस ने पंप चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी के पंप खरीदने वाले आरोपियों सहित 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 सबमर्सिबल और 3 मोनोब्लॉक पंप समेत अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार पूर्व में 6 जून को पंप चोरी गिरोह के दो आरोपियों कृष्णा पंडो और इंदर पंडो सहित एक विधि से संघर्षरत बालक के कब्जे से चोरी के पंप जब्त किए गए थे। मामले की विवेचना जारी थी। इसी दौरान 7 जून को अनुज राजवाड़े (द्वारिकानगर), संतोष ठाकुर (लटोरी) और पितांबर राजवाड़े (मंजीरा) ने अपने खेत और बाड़ी से पंप चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मुखबिर से प्राप्त सूचना और विवेचना में मिले तथ्यों के आधार पर पुलिस ने तिलेश्वर प्रसाद राजवाड़े (39), इंद्रपाल पैकरा (32), लालमोहन चेरवा (25), बिवेश्वर चेरवा उर्फ दारू (23), टेमसाय उर्फ जदु (23), गणेश राजवाड़े (35) तथा पारस पैकरा (31) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी मंजीरा क्षेत्र के निवासी हैं। आरोपियों को 8 जून को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मोनोब्लॉक पंप, गंगा कावेरी कंपनी का एक सबमर्सिबल पंप, सीआरआई कंपनी का एक सबमर्सिबल पंप तथा अन्य मोनोब्लॉक पंप जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत हजारों रुपये बताई गई है।

ज्ञात हो कि  ग्रामीणों के यहां से लगातार हो रही पंप चोरी की घटना के बाद दर्जन भर गांव के ग्रामीण एकजुट होकर लटोरी पुलिस के खिलाफ पिछले दिनो मोर्चा खोल विरोध प्रदर्शन किया था, साथ ही पम्प चोरों को पकड़ पुलिस को सौंपा था। काफी हो हंगामे के बाद मामले में पुलिस की खासी किरकिरी हुई थी, जिससे सबक लेते हुए पुलिस ने पंप चोरी में शामिल आरोपियों को पकड़ उनसे चोरी का सामान जब्त कर सभी को आज न्यायालय पेश किया है।


अन्य पोस्ट