सूरजपुर

स्कूल भवन की जर्जर छत की मरम्मत की मांग, जनदर्शन में सौंपा आवेदन
08-Jun-2026 10:28 PM
स्कूल भवन की जर्जर छत की मरम्मत की मांग, जनदर्शन में सौंपा आवेदन

सूरजपुर, 8 जून। ग्राम रामनगर स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की जर्जर हो चुकी छत की मरम्मत अथवा नए शेड निर्माण की मांग को लेकर स्कूल प्रबंधन समिति की ओर से कलेक्टर सूरजपुर को जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन सौंपा गया है।

शाला प्रबंधन विकास समिति हायर सेकेंड्री स्कूल रामनगर के अध्यक्ष बाबूलाल यादव ने कलेक्टर को सौंप आवेदन में बताया  है कि स्कूल भवन का निर्माण लगभग 20 से 22 वर्ष पूर्व हुआ था। वर्तमान में विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। भवन पुराना होने के कारण बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता है तथा छत का सीमेंट भी जगह-जगह से झड़ रहा है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। स्कूल प्रबंधन ने आवेदन में उल्लेख किया है कि बारिश के दौरान कक्षाओं में पढ़ाई प्रभावित होती है और विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराता रहता है। ऐसे में विद्यालय की छत की तत्काल मरम्मत कराने अथवा नए शेड का निर्माण कराए जाने की आवश्यकता है।

विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ने कलेक्टर से मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने और विद्यार्थियों के सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण के लिए जल्द व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन 8 जून को जनदर्शन े दौरान प्रस्तुत किया गया।

 


अन्य पोस्ट