सूरजपुर

एसडीएम ने सीएचसी बिश्रामपुर व जयनगर सहकारी समिति का किया निरीक्षण
07-Jun-2026 4:16 PM
एसडीएम ने सीएचसी बिश्रामपुर व जयनगर सहकारी समिति   का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 7 जून। स्वास्थ्य सेवाओं और सहकारी व्यवस्था की जमीनी स्थिति का जायजा लेने शनिवार को सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) बिश्रामपुर, जयनगर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति तथा आयुष्मान आरोग्य निकेतन का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

सबसे पहले एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिश्रामपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर, वार्डों और विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने पर प्रबंधन को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि अस्पताल की महत्वपूर्ण जीवन दीप समिति की बैठक पिछले एक वर्ष से आयोजित नहीं हुई है। इस पर एसडीएम ने बीएमओ डॉ. अमित भगत को शीघ्र बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों के निराकरण के निर्देश दिए। एसडीएम ने अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण बीमारियों की दवाएं उपलब्ध नहीं मिलीं। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि संबंधित दवाओं की आपूर्ति पिछले तीन-चार माह से नहीं हो रही है। इस पर एसडीएम ने आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के लिए उच्च स्तर पर पहल करने के निर्देश दिए।

 ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

इसके बाद उन्होंने जयनगर स्थित आदिम जाति सेवा सहकारी समिति का निरीक्षण कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही खाद एवं अन्य कृषि सामग्रियों की स्थिति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान समिति में यूरिया खाद का स्टॉक नहीं मिला। समिति प्रबंधन ने बताया कि यूरिया की नई खेप एक-दो दिनों में पहुंचने की संभावना है। एसडीएम ने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए वितरण संबंधी अभिलेखों का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के अंतिम चरण में एसडीएम ने आयुष्मान आरोग्य निकेतन, जयनगर का दौरा किया। यहां स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों की समीक्षा की गई। उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट