सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 6 जून। ग्राम पंचायत द्वारिकानगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को कल्याणपुर-लटोरी मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस कार्रवाई को लेकर असंतोष के बीच हुए प्रदर्शन से सडक़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक आवागमन बाधित रहा।
ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले कई महीनों से मोटरपंप, कृषि उपकरण और अन्य सामानों की चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई परिवार आर्थिक नुकसान झेल चुके हैं, लेकिन अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। इसी के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण सडक़ पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीओपी अभिषेक पैकरा, लटोरी तहसीलदार सुरेंद्र पैकरा, जयनगर थाना प्रभारी रूपेश कुंतल एक्का, भटगांव थाना प्रभारी मनोज सिंह, खडग़वां चौकी प्रभारी रघुवंश सिंह तथा लटोरी चौकी प्रभारी अरुण कुमार गुप्ता ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त, चोरी की घटनाओं पर अंकुश और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों पर कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने किया चोरी का खुलासा
इधर, लटोरी पुलिस ने आज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार ग्राम पंचायत द्वारिकानगर निवासी हीराधन राजवाड़े के खेत से 7 मई को मोनो टुल्लू पंप चोरी हो गया था। वहीं गांव के शिवकुमार सिंह के तालाब के पास से करीब डेढ़ माह पूर्व सबमर्सिबल मोटरपंप चोरी कर लिया गया था।
दोनों मामलों की जांच और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने ग्राम पंचायत मंजीरा के फुलवारपारा निवासी कृष्णा पण्डो और उसके एक नाबालिग साथी को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए दोनों मोटरपंप बरामद कर लिए। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी का सामान खरीदने वाला इंदर पण्डो, निवासी ग्राम रेवापुर, थाना दरिमा, भी इस मामले में शामिल था। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


