सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 4 जून। विकासखंड प्रतापपुर के ग्राम सरनापारा में निर्माणाधीन एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय (ईएमआरएस) में कथित निर्माण अनियमितताओं और गुणवत्ता संबंधी शिकायतों की जांच तेज हो गई है। कलेक्टर के निर्देश पर गठित सात सदस्यीय जांच समिति ने गुरुवार को निर्माण स्थल पहुंचकर विभिन्न निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया।
जांच दल का नेतृत्व अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ललिता भगत ने किया। समिति में लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विद्युत विभाग, पुलिस प्रशासन, जनपद पंचायत तथा ग्राम पंचायत के प्रतिनिधि शामिल रहे। अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता, तकनीकी मानकों तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान समिति ने भवन निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, स्वीकृत डिजाइन के अनुरूप कार्य निष्पादन तथा तकनीकी मानकों के पालन की जांच की। साथ ही निर्माण एजेंसी से माप पुस्तिका, गुणवत्ता परीक्षण रिपोर्ट, तकनीकी स्वीकृतियों सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करने को कहा गया।
गौरतलब है कि शिकायतकर्ता चंद्रिका कुशवाहा एवं मनीष गुप्ता द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय, आदिम जाति विकास विभाग, संभाग आयुक्त सरगुजा तथा जिला प्रशासन को भेजी गई शिकायत में विद्यालय निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया गया था। शिकायत में निम्न गुणवत्ता की सामग्री के उपयोग, तकनीकी मानकों की अनदेखी तथा निर्माण कार्य में लापरवाही बरते जाने का उल्लेख किया गया है। जांच के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था भी अधिकारियों के परीक्षण का विषय रही। कई स्थानों पर श्रमिकों को सुरक्षा उपकरणों के बिना कार्य करते देख समिति ने संबंधित एजेंसी से जानकारी ली। वहीं निर्माण में उपयोग की जा रही रेत के स्रोत एवं उसकी वैधता की भी जांच की जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना क्षेत्र के आदिवासी छात्र-छात्राओं की शिक्षा और आवासीय सुविधा से जुड़ी महत्वपूर्ण योजना है। ऐसे में निर्माण गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी विद्यार्थियों की सुरक्षा तथा सार्वजनिक धन के उपयोग दोनों के लिए गंभीर चिंता का विषय हो सकती है।
कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार जांच समिति को निर्धारित समयावधि में अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय की जाएगी।


