सूरजपुर

शिवनंदनपुर में चुनाव से पहले पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च
31-May-2026 9:35 PM
शिवनंदनपुर में चुनाव से पहले  पुलिस-प्रशासन का फ्लैग मार्च

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 31 मई। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। चुनाव के मद्देनजर रविवार को पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना था।

सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी एवं सुरक्षा जवान शामिल रहे। फ्लैग मार्च नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों, प्रमुख मार्गों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने लोगों से संवाद कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

एसडीएम शिवानी जायसवाल ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी मतदाता बिना किसी दबाव, भय अथवा प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

फ्लैग मार्च के दौरान असामाजिक तत्वों और चुनावी माहौल बिगाडऩे की कोशिश करने वालों को कड़ा संदेश भी दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि शिवनंदनपुर में पहली बार नगर पंचायत चुनाव आयोजित हो रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। सोमवार 1 जून को विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।


अन्य पोस्ट