सूरजपुर

सीएमओएआई चुनाव टालने की मांग
31-May-2026 9:30 PM
सीएमओएआई चुनाव टालने की मांग

फंड गड़बड़ी की जांच के बाद ही

मतदान कराने का आग्रह

सूरजपुर, 31 मई। कोल माइंस ऑफिसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएमओएआई) के प्रस्तावित एसईसीएल शाखा चुनाव को लेकर नया विवाद सामने आया है। संगठन के एक पदाधिकारी ने एसईसीएल शाखा के अध्यक्ष एवं महासचिव को पत्र भेजकर संगठन के खाते से फंड में कथित गड़बड़ी एवं हेराफेरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच होने तक चुनाव प्रक्रिया स्थगित करने की मांग की है।

30 मई को जारी पत्र में कहा गया है कि पूर्व में भेजे गए पत्र के माध्यम से फंड लेन-देन में अनियमितता का मामला उठाया गया था। पत्र में आरोप लगाया गया है कि संगठन के वित्तीय लेन-देन से जुड़े गंभीर सवालों की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

पत्र में मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए बीईसी/सीईसी के सदस्यों की एक समिति गठित की जाए। साथ ही जांच के दौरान संगठन के आम सदस्यों से प्राप्त सदस्यता शुल्क एवं अन्य मदों में खर्च की गई राशि का पूर्ण विवरण सार्वजनिक करने की भी मांग उठाई गई है। पत्र में कहा गया है कि जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद ही एसईसीएल शाखा का चुनाव कराया जाए, ताकि संगठन के सदस्यों का विश्वास कायम रहे और संस्था की गरिमा बनी रहे।

इस पत्र की प्रतिलिपि सीएमओएआई  एपेक्स कमेटी, सीईसी तथा संबंधित  सदस्यों को भी भेजी गई है। चुनाव प्रक्रिया के बीच उठे इस मुद्दे से संगठन के भीतर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब देखना होगा कि संगठन नेतृत्व इस मांग पर क्या निर्णय लेता है।


अन्य पोस्ट