सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 30 मई। किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनवाने और ऋण माफी का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को प्रेमनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने दबिश देकर पकड़ते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चंदननगर निवासी मोतीराम सिंह ने एक मई को थाना प्रेमनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव के ही गोरेलाल सिंह ने वर्ष 2022 में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाकर 3 से 4 लाख रुपये का ऋण दिलाने और उसका आधा हिस्सा माफ हो जाने का लालच दिया था।
शिकायत के अनुसार आरोपी ने मोतीराम और उनके पिता भुनेश्वर सिंह के संयुक्त खाते से दो अलग-अलग ऋणों के माध्यम से 9 लाख 95 हजार रुपये निकलवा लिए। आरोपी ने ऋण स्वीकृत होने की बात कहकर पीडि़त को केवल 1 लाख रुपये दिए और शेष राशि स्वयं हड़प ली। इतना ही नहीं, उसने पीडि़त का चेकबुक और एटीएम कार्ड भी अपने पास रख लिया तथा खाते से पूरी रकम निकालकर गबन कर लिया।
मामले में थाना प्रेमनगर में धारा 420 एवं 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की लगातार तलाश की। आरोपी बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। इसी दौरान उसके करजी क्षेत्र में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी के अलावा अन्य ग्रामीणों के साथ भी धोखाधड़ी कर रुपये गबन करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त होंडा शाइन मोटरसाइकिल, टीवीएस इलेक्ट्रिक स्कूटी, स्टेट बैंक का चेकबुक और एटीएम कार्ड जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी गोरेलाल सिंह चंदननगर, थाना प्रेमनगर को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


