सूरजपुर
टीआई छुट्टी पर भेजे गए
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
सूरजपुर, 27 मई। शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव के दौरान हुए विवाद के बाद कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दर्ज आम्र्स एक्ट मामले को लेकर बिश्रामपुर थाने के सामने चल रहा कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन और आमरण अनशन आखिरकार तीसरे दिन समाप्त हो गया। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच और दूसरे पक्ष पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बुधवार दोपहर करीब 12 बजे आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की।
शनिवार रात चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन और भाजयुमो कार्यकर्ता मित्तल पांडेय के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि नरेंद्र जैन ने गाली-गलौज करते हुए वाहन से हथियार निकालकर धमकी दी और जबरन बाइक में बैठाकर वार्ड में ले जाने का प्रयास किया। घटना के बाद भाजयुमो कार्यकर्ता ने भाजपा संगठन से शिकायत की, जिसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की शिकायत पर बिश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और आम्र्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामला दर्ज होने के बाद कांग्रेस ने इसे राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बिश्रामपुर पहुंचे और थाने का घेराव किया।
उन्होंने पुलिस से पूछा कि कथित हथियार बरामद हुआ या नहीं, किसी ने हथियार देखा या नहीं और क्या सीसीटीवी फुटेज में हथियार दिखाई दे रहा है। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि पुलिस इन सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।
इसके बाद दीपक बैज ने अनिश्चितकालीन धरना और आमरण अनशन की घोषणा कर दी। आंदोलन में देर रात पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। दूसरे दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी धरना स्थल पहुंचे और पुलिस प्रशासन तथा भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने शिवनंदनपुर में रोड शो और सभा कर कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील भी की।
आमरण अनशन के बाद बुधवार सुबह प्रशासन सक्रिय हुआ। सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन धरना स्थल पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से चर्चा की। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि आम्र्स एक्ट की धाराओं की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मधु जैन की रिपोर्ट पर दूसरे पक्ष के खिलाफ भी अपराध दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई। इसके अलावा बिश्रामपुर थाना प्रभारी को लंबी छुट्टी पर भेजे जाने की बात भी कही गई।
आश्वासन मिलने के बाद प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने दीपक बैज और टीएस सिंहदेव को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया। करीब 47 घंटे तक चला कांग्रेस का यह आंदोलन बुधवार दोपहर समाप्त हो गया। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष शशि सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


