सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 26 मई। सूरजपुर जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के आरोप में पुलिस ने मां बेटी को गिरफ्तार किया है, है। आरोपी महिलाओं पर शादी का झांसा देकर युवक को फंसाने, मानसिक प्रताडऩा देने और पैसे की मांग करने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना भटगांव में अपराध बीएनएस की धारा 308(2), 308(6), 351(3), 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि महिला ने पहले मोबाइल पर संपर्क कर उसे अपने किराये के मकान सूरजपुर बुलाया। वहां शराब पिलाकर कुछ आपत्तिजनक वीडियो बना लिए और बाद में शादी का दबाव बनाते हुए लगातार पैसों की मांग करने लगी।
शिकायत में यह भी कहा गया कि आरोपी महिला पूर्व में भी कई लोगों को इसी तरह हनी ट्रैप में फंसा चुकी है। प्रार्थी ने लोकलाज और पारिवारिक कारणों से शुरुआत में शिकायत नहीं की, लेकिन लगातार मानसिक प्रताडऩा और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर पुलिस से मदद मांगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरजपुर प्रशांत ठाकुर के निर्देशन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और कॉल डिटेल के आधार पर 23 मई को आरोपी मां-बेटी निवासी दोनों श्यामनगर भटगांव को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया गया है।
पुलिस ने मां-बेटी को गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


