सूरजपुर
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष पर केस दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 24 मई। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ गाली-गलौज, धमकी एवं हथियार दिखाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष सूरजपुर मुरली मनोहर सोनी ने थाना बिश्रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
दर्ज शिकायत के अनुसार 23 मई की रात करीब 8 बजे भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय, मुकेश साहू उर्फ छोटू, कृष्ण कुमार गोयल, दीपेन्द्र सिंह, प्रदीप गुप्ता, प्रदीप सोनी समेत अन्य कार्यकर्ता वार्ड क्रमांक 11 में चुनाव प्रचार कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मेन रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने शिवनंदनपुर निवासी नरेंद्र जैन से उनका सामना हुआ।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नरेंद्र जैन ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गालियां दीं तथा धारदार हथियार निकालकर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी ने मोटरसाइकिल से जबरन ठोकर मारने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
भाजपा पदाधिकारियों ने घटना को चुनावी माहौल बिगाडऩे की कोशिश बताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में आशंका जताई गई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो चुनाव के दौरान कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आवेदन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं का उल्लेख किया गया है।
भाजपा प्रत्याशी की बढ़ती लोकप्रियता हजम नहीं
हो रही - सोनी
देर रात भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ हुए विवाद, गाली-गलौज और हथियार लहराने की घटना को लेकर जिला भाजपा अध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार से रोकने तथा निर्वाचन प्रक्रिया में बाधा पहुंचाने का प्रयास बताया।
उन्होंने कहा कि पहली बार हो रहे नगर पंचायत चुनाव को लेकर हर वर्ग में उत्साह का माहौल है। कांग्रेस को लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर विश्वास रखते हुए जनता को निर्भीक होकर मतदान करने देना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में बन रहे माहौल से कांग्रेस हतोत्साहित हो गई है, जिसके कारण कांग्रेस समर्थक बौखलाहट में अमर्यादित हरकतों और गाली-गलौज पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि जनता इसका जवाब मतदान के माध्यम से देगी।
दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी बिश्रामपुर थाना पहुंच कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ आम्र्स एक्ट का मामला दर्ज करने पर इसे सत्ता के दबाव की कार्रवाई बताया है।


