सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 23 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से सूरजपुर जिले को अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात मिली है। शनिवार को कोतवाली सूरजपुर से प्रदेश कार्य समिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी तथा एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पूजा-अर्चना के बाद वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई मोबाइल फॉरेंसिक वैन के माध्यम से अब घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य संरक्षण, प्रारंभिक परीक्षण और डिजिटल दस्तावेजीकरण किया जा सकेगा। इससे अपराध जांच की गुणवत्ता और गति दोनों में सुधार होगा तथा साक्ष्य आधारित न्याय प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने अपराध अनुसंधान को आधुनिक बनाने के उद्देश्य से 32 अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन का संचालन शुरू किया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 18 मई 2026 को रायपुर के माना पुलिस परेड ग्राउंड से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। उसी क्रम में सूरजपुर जिले में भी इस सुविधा का शुभारंभ किया गया।
एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि नए कानूनों का मुख्य उद्देश्य वैज्ञानिक साक्ष्यों पर आधारित जांच को बढ़ावा देना है। मोबाइल फॉरेंसिक वैन की मदद से अब मौके पर ही फिंगर प्रिंट, रक्त के नमूने, कपड़ों के रेशे और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए जा सकेंगे। वैन में डिजिटल फॉरेंसिक सपोर्ट, नारकोटिक्स परीक्षण किट और फिंगरप्रिंट डिटेक्शन सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही इसमें जनरेटर की सुविधा भी है, जिससे बिजली नहीं होने की स्थिति में भी करीब पांच घंटे तक कार्य किया जा सकेगा।
प्रदेश कार्य समिति सदस्य भीमसेन अग्रवाल ने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन से अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता और पारदर्शिता बढ़ेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने इसे त्वरित और विश्वसनीय जांच व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
संयुक्त संचालक एफएसएल आर.के. पैंकरा ने वैन में उपलब्ध उपकरणों और जांच किटों की जानकारी दी। वहीं बार एसोसिएशन अध्यक्ष बलराम शर्मा ने कहा कि अब एफएसएल रिपोर्ट में होने वाली देरी कम होगी और पीडि़तों को जल्द न्याय मिल सकेगा।
कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक जावेद मियादाद ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री शशिकांत गर्ग, नपा उपाध्यक्ष शैलेश अग्रवाल, दीपक गुप्ता, रितेश गुप्ता, उप संचालक अभियोजन विरेन्द्र लकड़ा, डीपीओ मनोज चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


