सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 मई। आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर के विभिन्न आकाशवाणी केंद्रों द्वारा आयोजित किए जा रहे वॉकाथॉन कार्यक्रमों की श्रृंखला के क्रम में आकाशवाणी अंबिकापुर द्वारा भी 23 मई को भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में अंबिकापुर के जनप्रतिनिधि, उच्च प्रशासनिक अधिकारी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा आकाशवाणी परिवार ने शहरवासियों एवं श्रोताओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार वॉकाथॉन 23 मई, शनिवार की सुबह 6 बजे आकाशवाणी अंबिकापुर के मुख्य द्वार से प्रारंभ होगी। यात्रा गांधी चौक, संगम चौक देवीगंज रोड, महामाया चौक होते हुए पुन: आकाशवाणी परिसर पहुंचेगी। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य आकाशवाणी की 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, जनसंचार में रेडियो की ऐतिहासिक भूमिका तथा वर्तमान समय में उसकी निरंतर प्रासंगिकता को जन-जन तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम में आकाशवाणी अंबिकापुर के सहायक निदेशक कार्यक्रम प्रमेंद्र कुमार सहित समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय सहभागिता निभाएंगे। आयोजन के समापन के बाद संक्षिप्त संबोधन का कार्यक्रम भी रखा गया है, जिसमें रेडियो प्रसारण की ऐतिहासिक यात्रा एवं समाज में उसकी भूमिका पर विचार साझा किए जाएंगे।
प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों हेतु मेडल की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर विशेष सेल्फी जोन भी बनाया जाएगा, जहां प्रतिभागी इस ऐतिहासिक अवसर की यादों को संजो सकेंगे।
आकाशवाणी अंबिकापुर परिवार ने नागरिकों, युवाओं, श्रोताओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से समय पर उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक आयोजन को यादगार बनाने की अपील की है।


