सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 20 मई। सुशासन तिहार 2026 के तहत प्रतापपुर जनपद पंचायत के ग्राम चंदौरा में मंगलवार को जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के प्रभारी एवं खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा भी उपस्थित रहे।
शिविर में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं। कुल 319 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 114 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष मामलों के शीघ्र निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से सुशासन तिहार शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता के साथ धान खरीदी की गई है तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है। किसानों को मिट्टी परीक्षण कराने और शासन की योजनाओं के तहत खाद-बीज लेने के लिए प्रेरित किया गया।
मंत्री श्री बघेल ने प्रधानमंत्री आवास योजना, फसल बीमा योजना, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन एवं नई औद्योगिक नीति की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जी राम जी योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।
इस दौरान आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए शैला एवं कर्मा दलों को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की गई। साथ ही ग्राम चंदौरा में 10 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति भी दी गई।
वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। विधायक शकुंतला पोर्ते ने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है।
कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा तथा आवेदनों की स्थिति पोर्टल के माध्यम से ट्रैक की जा सकेगी। उन्होंने लोगों से आधार एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण करने तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूक रहने की अपील की।
शिविर में पुलिस विभाग द्वारा साइबर फ्रॉड एवं सडक़ सुरक्षा संबंधी जानकारी भी दी गई। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, ऋण पुस्तिका, पेंशन स्वीकृति पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी, मत्स्य विभाग के जाल एवं आइस बॉक्स तथा कृषि विभाग के धान बीज वितरित किए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर, डीएफओ डीपी साहू, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


