सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 16 मई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश से अपील और बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रेसवार्ता आयोजित की।
जिला मुख्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में सूरजपुर जिले के प्रभारी और पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि जहां नरेंद्र मोदी अपील करते हैं कि गैस, पेट्रोल, डीजल बचाओ, वहीं दूसरी ओर स्वयं और उनके मंत्री गाडिय़ों के बड़े काफिले के साथ निकलते हैं। सोना नहीं खरीदने की बात करने वाले पीएम मोदी को इस बात का आंकलन करना चाहिए कि केंद्र में कांग्रेस सरकार के समय से आज सोना पचास गुना महंगा हो चुका है।
अमरजीत भगत ने कहा कि महंगाई के चलते किचन का बजट बिगड़ा हुआ है, उर्वरक नहीं मिलने से किसानों की उत्पादकता घट रही है, पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ रहे हैं, पीएम मोदी खुद विदेश यात्रा पर करोड़ों रुपए फूंक रहे हैं। पीएम मोदी से देश संभल नहीं रहा है और आज देश गंभीर आर्थिक संकट से गुजरने की स्थिति में पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता व लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समय-समय पर देश की संकट को लेकर पीएम मोदी को अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन उनकी बातों को अनसुना करके आज यह आर्थिक संकट की स्थिति को जनता के ऊपर लादने का काम केंद्र सरकार द्वारा की गई है।
प्रेसवार्ता में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत सहित जिला कांग्रेस महामंत्री संजय डोसी, प्रवक्ता गिरजा शंकर मिश्रा, कांग्रेस नेता विमलेश दत्त तिवारी, पंकज तिवारी, वेदप्रकाश मिश्रा, संतोष पावले, शांतू डोसी, शक्ति ठाकुर, परमेश्वर राजवाड़े, विक्की समद्दार व अन्य उपस्थित रहे।


