सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सूरजपुर, 15 मई। विश्व संवाद केंद्र छत्तीसगढ़ एवं प्रचार विभाग जिला सूरजपुर के संयुक्त तत्वावधान में देव ऋषि नारद जयंती के उपलक्ष्य में पत्रकार सम्मान एवं पुरस्कार समारोह का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर सूरजपुर में किया गया। कार्यक्रम में प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं वेब मीडिया से जुड़े पत्रकारों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता अरविंद मिश्रा (संपादकीय सलाहकार, जनसंपर्क विभाग छत्तीसगढ़ शासन), जिला सह संघचालक सत्यम गर्ग, विभाग प्रचार प्रमुख दिनेश सिंह, वरिष्ठ पत्रकार गोपाल सिंह विद्रोही, विभाग स्तंभ लेखाकार प्रमुख विरेश सिंह, विभाग सह प्रचार प्रमुख महेश गुप्ता, जिला सह कार्यवाह विजय शर्मा, जिला प्रचार प्रमुख अभिषेक उपाध्याय एवं जिला सह प्रचार प्रमुख अंबिकेश जायसवाल द्वारा देव ऋषि नारद एवं मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया गया।
मुख्य वक्ता अरविंद मिश्रा ने देव ऋषि नारद जयंती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देवऋषि नारद जी को देवताओं का दूत माना जाता है। वे सूचनाओं के आदान-प्रदान का कार्य करते थे, इसलिए भारतीय परंपरा में उन्हें प्रथम पत्रकार एवं संवाद दूत के रूप में सम्मानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि नारद जी सदैव धर्म के प्रसार एवं जनकल्याण के लिए कार्य करते हुए समाज को सकारात्मक और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहे।
उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ एवं समाज का दर्पण है। इसका उद्देश्य नागरिकों को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सत्य जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें सजग एवं जागरूक बनाना है। पत्रकारिता समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर पारदर्शिता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है तथा लोकतंत्र की रक्षा, जनमत निर्माण,शिक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में कार्य कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देती है।
कार्यक्रम में जिला सह संघचालक सत्यम गर्ग, जिला सह कार्यवाह विजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संघ के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन विभाग सह प्रचार प्रमुख महेश गुप्ता ने किया तथा आभार प्रदर्शन विभाग प्रचार प्रमुख दिनेश सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रचार प्रमुख अभिषेक उपाध्याय, अंबिकेश जायसवाल सहित संघ कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


