सूरजपुर

मुआवजे की राशि देने से इंकार पर मां की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार
12-May-2026 10:10 PM
मुआवजे की राशि देने से इंकार पर मां की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 12 मई। जयनगर थाना क्षेत्र के  लटोरी चौकी के ग्राम गजाधरपुर में मां की हत्या करने वाले आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने मसाला पीसने वाले पत्थर के लोढ़े से सिर पर वार कर अपनी मां की हत्या कर दी थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत 10 मई को ग्राम गजाधरपुर निवासी फुलेन बाई पति स्वर्गीय ईश्वर प्रसाद चेरवा  (50 वर्ष)को उसके पुत्र डिगम्बर प्रसाद चेरवा ने मसाला पीसने वाले पत्थर के लोढ़े से सिर पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों द्वारा महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसी दिन शाम करीब 7 बजे उसकी मौत हो गई।

मामले की सूचना पर लटोरी पुलिस ने मर्ग कायम कर आरोपी पुत्र के खिलाफ बीएनएस की धारा  103(1) के तहत मामला दर्ज कर एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए ।

जांच के दौरान आरोपी डिगम्बर प्रसाद चेरवा निवासी गजाधरपुर चौकी लटोरी थाना जयनगर को मंगलवार को गिरफ्तार कर  पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मसाला पीसने वाला लोढ़ा भी जब्त कर  आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय सूरजपुर में पेश किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता की पिछले वर्ष कुएं में गिरने से मृत्यु हो गई थी, जिसके मुआवजे की राशि उसकी मां को मिलने वाली थी। आरोपी ने पूर्व में मां से मुआवजे में हिस्सा मांगा था, लेकिन मां द्वारा इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

 घटना वाले दिन आरोपी ने मां से खाना मांगा था, जिस पर मां ने स्वयं निकालकर खाने की बात कही। इसी बात और मुआवजे के पैसों को लेकर गुस्से में आकर उसने लोढ़े से सिर पर हमला कर दिया।


अन्य पोस्ट