सूरजपुर

हाथी हमले में मृत ग्रामीणों के परिजनों को मिली मुआवजा राशि
12-May-2026 10:07 PM
हाथी हमले में मृत ग्रामीणों के परिजनों को मिली मुआवजा राशि

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 12 मई। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री  लक्ष्मी राजवाड़े के निर्देश पर सूरजपुर जिला प्रशासन एवं वन विभाग ने पिछले दिनों हाथी हमले में जान गंवाने वाले ग्रामीणों के परिजनों को त्वरित मुआवजा राशि वितरित की है। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने घटना पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को पीडि़त परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे।

जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के कल्याणपुर क्षेत्र में हाथी हमले में दो ग्रामीणों की मौत हो गई थी। घटना के बाद वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, सूरजपुर मंडल द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों प्रभावित परिवारों को सहायता राशि स्वीकृत की गई।

विभागीय दस्तावेजों के मुताबिक हितग्राही कांति भोई एवं राजेश्वरी सिंह श्याम को डीबीटी माध्यम से उनके बैंक खातों में 5 लाख 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि भेजी गई है। वहीं डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर सूरजपुर के द्वारा भी 50-50 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की गई।

मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने कहा कि संकट की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना सरकार की प्राथमिकता है। हाथी-मानव द्वंद्व को कम करने के लिए प्रशासन लगातार सतर्क है तथा प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


अन्य पोस्ट