सूरजपुर

कल्याणपुर जंगल में हाथियों की मौजूदगी, प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग पर लगा लंबा जाम
10-May-2026 11:19 PM
कल्याणपुर जंगल में हाथियों की मौजूदगी, प्रतापपुर-अंबिकापुर मार्ग पर लगा लंबा जाम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 10 मई। प्रतापपुर-अंबिकापुर मुख्य मार्ग स्थित कल्याणपुर जंगल में शनिवार को 6 हाथियों का दल पहुंचने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हाथियों के सडक़ के समीप आने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह क्षेत्र वन परिक्षेत्र सूरजपुर के सर्किल लटोरी अंतर्गत कल्याणपुर बीट में आता है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथियों का दल अचानक जंगल से निकलकर सडक़ किनारे पहुंच गया। हाथियों को देखकर वाहन चालकों और राहगीरों में दहशत फैल गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोगों ने अपने वाहन रोककर दूरी बना ली।

बताया जा रहा है कि इन दिनों क्षेत्र में कई हाथियों के दल सक्रिय हैं और अक्सर सडक़ तक पहुंच जाते हैं। इससे आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

वन विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि जंगल क्षेत्र से गुजरते समय सावधानी रखें, हाथियों के पास न जाएं और उन्हें किसी प्रकार से उकसाने का प्रयास न करें। विभाग द्वारा हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा आवश्यकता पडऩे पर वन अमले की तैनाती भी की जाएगी।


अन्य पोस्ट