सूरजपुर

दिनदहाड़े महिला का अपहरण, तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली
02-May-2026 12:54 AM
दिनदहाड़े महिला का अपहरण, तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली

22 लाख की फिरौती मांगी, पुलिस जांच में जुटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर,1 मई। सूरजपुर जिला मुख्यालय से लगे ग्राम  में दिनदहाड़े महिला के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 140(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 29 अप्रैल की दोपहर करीब 2.30 बजे सेवानिवृत्त कॉलरी कर्मचारी के घर बाइक सवार नकाबपोश युवक पहुंचे। उस समय घर पर उनकी पत्नी अकेली थीं।

आरोप है कि बदमाशों ने घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की और बेलन-पीढ़ा से हमला कर जबरन बाइक में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले गए।

घटना के वक्त सेवानिवृत्त कॉलरी कर्मचारी अपनी कार की सर्विसिंग के लिए अंबिकापुर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर पत्नी के नहीं मिलने और घर के भीतर बिस्तर अस्त-व्यस्त, टूटी चूडिय़ां व खून के छींटे देखकर उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसी दौरान पत्नी के मोबाइल से बदमाशों का फोन आया, जिसमें 22 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई।

घबराए पति ने तत्काल कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और अलग-अलग रूट पर सर्चिंग अभियान चलाते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि अगले दिन भोर करीब 3 बजे बदमाश महिला को घर से लगभग एक किलोमीटर दूर बायपास के पास छोडक़र फरार हो गए। महिला ने पास के एक घर में पहुंचकर मदद ली और अपने पति को सूचना दी। इसके बाद उसे सुरक्षित घर लाया गया और पुलिस को जानकारी दी गई।

मारपीट में घायल और सदमे में आई महिला को पुलिस की सलाह पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि महिला के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसका विस्तृत बयान दर्ज किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की विभिन्न एंगल से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर इसे साधारण अपहरण नहीं मानते हुए इसके पीछे अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है। घटना के तीन दिन बाद भी आरोपियों का पता नहीं चल पाने से पुलिस परेशान है।

पुलिस का कहना है कि जांच में तथ्य जुटाए जा रहे हैं जल्द ही मामले का खुलासा होगा।


अन्य पोस्ट