सूरजपुर

सुशासन तिहार: खोपा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित
02-May-2026 12:46 AM
सुशासन तिहार: खोपा में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित

 दिव्यांग युवक को तत्काल मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 1 मई। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत भैयाथान जनपद के ग्राम खोपा में शुक्रवार को जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर  एस. जयवर्धन की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराईं।

शिविर में कुल 437 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 102 आवेदन आज के शिविर में ही लिए गए। कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर कलेक्टर  जयवर्धन ने ग्रामीणों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ उठाने और अपनी शिकायतों का पंजीयन कराने की अपील की, ताकि उनकी नियमित मॉनिटरिंग हो सके।

स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक मुद्दों पर जागरूकता

कलेक्टर ने लोगों से आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड बनवाने, टीबी, सिकल सेल और कुष्ठ जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक रहने तथा समय पर जांच कराने की अपील की। साथ ही गर्मी और हीट वेव से बचाव के उपाय अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए कम से कम एक पेड़ लगाने का संदेश दिया।

कृषि क्षेत्र में केसीसी, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और सॉइल हेल्थ कार्ड योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों को इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही बाल विवाह रोकने और राजस्व प्रकरणों नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया गया।

साइबर सुरक्षा और सडक़ सुरक्षा पर भी जोर

शिविर में पुलिस विभाग द्वारा साइबर फ्रॉड से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी गई।

दिव्यांग को मिला तत्काल लाभ

शिविर के दौरान खोपा निवासी दिव्यांग आदित्य देवांगन द्वारा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग पर तत्काल कार्रवाई करते हुए समाज कल्याण विभाग ने उन्हें ट्राइसाइकिल प्रदान की।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष सुलोचनी पैकरा, जिला पंचायत सदस्य  अनुज राजवाड़े, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर में परिवहन, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, समाज कल्याण, विद्युत एवं राजस्व विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी दी गई और शिकायतों के निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।


अन्य पोस्ट