सूरजपुर

सूरजपुर कोर्ट परिसर में नि:शुल्क शीतल जल प्याऊ खोला
29-Apr-2026 9:44 PM
सूरजपुर कोर्ट परिसर में नि:शुल्क शीतल जल प्याऊ खोला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 29 अप्रैल। सूरजपुर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच राहत देने वाली एक सराहनीय पहल सामने आई है। वरिष्ठ नागरिक संघ सूरजपुर ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में नि:शुल्क शीतल जल प्याऊ की शुरुआत की है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज से न्यायालय आने वाले ग्रामीणों, पक्षकारों और आम नागरिकों को गर्मी में पेयजल की परेशानी से राहत देना है, ताकि किसी को भी पानी के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और समय पर शीतल जल उपलब्ध हो सके।

प्याऊ के उद्घाटन अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष विनिता वार्नर ने वरिष्ठ नागरिक संघ के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल केवल पानी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का भी एक प्रेरणादायक संदेश है।

वहीं, विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव पायल टोप्पो ने कहा कि न्यायालय परिसर में आने वाले पक्षकारों के लिए यह सुविधा किसी वरदान से कम नहीं है और इससे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक संघ के संयोजक लालचन्द अग्रवाल, अध्यक्ष  अनिल गोयल, संरक्षक  हरिदास अग्रवाल, प्रवक्ता एस.के. तिवारी, उपाध्यक्ष पवन मित्तल एवं  आर.एस. मिश्रा सहित जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष  बलराम शर्मा, सचिव राजेश गोयल, जिला लोक अभियोजक  राजू दास समेत अनेक अधिवक्ता और बड़ी संख्या में पक्षकार उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिक संघ की यह पहल समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है, जो गर्मी के इस मौसम में न्यायालय परिसर में आने वाले हर जरूरतमंद को राहत प्रदान करेगी।


अन्य पोस्ट