सूरजपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
प्रतापपुर, 29 अप्रैल। सूरजपुर जिला में बुधवार को थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवरा-भैंसामुंडा में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब आसमान में एक विमान असामान्य रूप से कम ऊंचाई पर उड़ता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों के अनुसार, विमान लंबे समय तक क्षेत्र के ऊपर चक्कर लगाता रहा, जिससे लोगों में भय और जिज्ञासा दोनों का वातावरण बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विमान धरमपुर से ओडग़ी दिशा के बीच कई बार घूमता नजर आया। कुछ लोगों ने यह भी दावा किया कि विमान का लैंडिंग गियर नीचे की ओर दिखाई दे रहा था, जिससे प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और विमान की गतिविधियों को देखने लगे। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड कीं, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
इसी बीच, जानकारों का मानना है कि यह विमान किसी सर्वे या मैपिंग कार्य में लगा हो सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस प्रकार की उड़ानें अक्सर कम ऊंचाई पर एक ही क्षेत्र में बार-बार चक्कर लगाते हुए संचालित की जाती हैं, जिससे जमीन का सटीक आंकलन किया जा सके।
प्रशासन अथवा संबंधित विमानन विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर स्पष्ट जानकारी देने की मांग की है। फिलहाल, सर्वे फ्लाइट की संभावना सामने आने के बाद क्षेत्र में फैली दहशत कुछ हद तक कम हुई है।


